सिलीगुड़ी, 13 जून।
सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा क्षेत्र में एक युवक से मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों युवकों ने रास्ता रोककर पीड़ित को जबरन स्कूटी पर बैठाया और उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष राजभर, कोकिल राय और नेहाल महंत के रूप में हुई है। तीनों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने रिमांड की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार देर रात एक युवक माटीगाड़ा क्षेत्र स्थित एक शॉपिंग मॉल से निकलकर दार्जिलिंग मोड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने युवक को जबरन स्कूटी पर बैठा लिया। आरोप है कि चलते वाहन पर उसके साथ मारपीट की गई और उसका महंगा मोबाइल फोन तथा लगभग 10 हजार रुपये नकद छीन लिए गए।
वारदात के बाद आरोपी दार्जिलिंग मोड़ पहुंचने से पहले ही युवक को सड़क पर उतारकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने माटीगाड़ा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही माटीगाड़ा पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी जानकारी तथा गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसके बाद शुक्रवार रात माटीगाड़ा बाजार क्षेत्र में अभियान चलाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।














