बलरामपुर, 13 जून।
बलरामपुर जिले के हर्रैया सतघरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनुहनी कला गांव में लेन-देन के विवाद को लेकर हुई मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घटना में घायल हुई पांच माह की गर्भवती महिला के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सुरेश यादव ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने गांव के एक व्यक्ति से खेत रेहन रखकर धनराशि ली थी, जिसे बाद में गवाहों की मौजूदगी में वापस कर दिया गया था। उनका आरोप है कि रेहन से जुड़े दस्तावेज वापस मांगने पर विवाद की स्थिति बन गई थी।
शिकायत के अनुसार शुक्रवार रात संबंधित पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और पुराने दस्तावेज दिखाकर दोबारा रुपये की मांग करने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें घर की अन्य महिलाओं के साथ रानू नामक गर्भवती महिला भी घायल हो गई। परिजनों का कहना है कि महिला को गंभीर चोटें आईं।
परिवार के अनुसार घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। महिला को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया।
मामले को लेकर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गर्भस्थ शिशु की मौत के संबंध में चिकित्सीय रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है















