रायपुर, 13 जून।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपने दौरे के दौरान केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने आज आम्बेडकर चौक पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने बाबा साहब को नमन कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उन्होंने स्वच्छता मित्रों के साथ भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। मंत्री ने शॉल, श्रीफल और मेडिकल किट भेंट कर स्वच्छता कर्मियों के कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक साधारण अभियान नहीं, बल्कि देश के निर्माण का एक अत्यंत प्रभावशाली जरिया है।

सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन ने पूरे देश में स्वच्छता को लेकर एक नई चेतना जगाई है। उन्होंने इस अभियान में आम जनता की भागीदारी को राष्ट्र निर्माण के लिए अनिवार्य बताया।
मंत्री इसके बाद कलेक्ट्रेट के समीप स्थित ऑक्सीजोन पहुंचे। वहां उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक पुरंदर मिश्रा की मौजूदगी में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया।
वृक्षारोपण के बाद उन्होंने ऑक्सीजोन में उपस्थित महिलाओं के साथ पर्यावरण को बचाने और जनभागीदारी की भूमिका पर विशेष चर्चा की। इस दौरान महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।















