भोपाल, 13 जून।
अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम विरोध दिवस के अवसर पर बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के ज्ञान-विज्ञान सभागार में सामुदायिक पुलिसिंग शाखा पुलिस मुख्यालय और भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त तत्वावधान में सृजन जनसंवाद महासम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम उन्मूलन, बालिका सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संजय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति रही।
महासम्मेलन में आरंभ, उदय, मुस्कान, मीत और बचपन सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान भोपाल पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सराहना प्राप्त की।
स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. शालिनी कपूर के मार्गदर्शन में आरकेडीएफ कॉलेज के चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया।
समापन सत्र में पुलिस आयुक्त ने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। छात्राओं ने पेयजल समेत विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे सामने रखे। इस पर पुलिस आयुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाल अधिकार, बाल सुरक्षा और बाल श्रम जैसी सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही सुरक्षित, संवेदनशील और जागरूक समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।













