मध्य प्रदेश
13 Jun, 2026

बांधवगढ़ में बाघ का दूसरा हमला, 24 घंटे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत

उमरिया के झलवार गांव में बाघ ने 24 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो सदस्यों को अपना शिकार बना लिया, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

उमरिया, 13 जून।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे ग्राम झलवार में बाघ के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को एक महिला की जान लेने के बाद शनिवार को उसी क्षेत्र में बाघ ने एक युवक पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। लगातार दो दिनों में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बाघ के हमले में जान गंवाने वाली फूलबाई के भतीजे कल्याण सिंह (30) शनिवार को उसी स्थान पर बाघ का शिकार बन गए। हमले के बाद बाघ शव के पास ही डटा रहा और मृतक के शरीर के निचले हिस्से को क्षत-विक्षत कर दिया। ग्रामीणों ने शव को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जंगल चौकी प्रभारी ने हाथियों को मौके पर बुलाया। लंबी मशक्कत के बाद शाम करीब 5:30 बजे वन विभाग की टीम शव को बाघ के कब्जे से बाहर निकाल सकी। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल व्याप्त हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि घटना के कई घंटे बाद तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई में भी देरी हुई, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई।

लगातार दो दिनों में हुए हमलों के बाद झलवार और आसपास के गांवों के लोगों में बाघ का आतंक गहरा गया है। ग्रामीणों के अनुसार झिरिया नाला और पट्टा आराजी क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते भी इसी क्षेत्र से गुजरते हैं, जिससे किसानों और मजदूरों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का दावा है कि बीते एक महीने में कुदरी क्षेत्र में बाघ के हमले की यह पांचवीं घटना है।

एसडीओ वन भूरा गायकवाड़ ने बताया कि पनपथा कोर रेंज अंतर्गत ग्राम झलवार के समीप आरएफ-460 झिरिया हार क्षेत्र में बाघ के हमले से कल्याण सिंह की मृत्यु हुई है। विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परिक्षेत्र अधिकारी रमेश पाटले ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन अमला क्षेत्र में तैनात है और लगातार गश्त की जा रही है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जंगल क्षेत्र में अकेले नहीं जाने की अपील की है।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़