जोधपुर, 13 जून।
फलोदी पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी अवैध शराब तस्करी से जुड़े एक मामले में पिछले तीन वर्षों से पुलिस की पकड़ से दूर था।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में फलोदी थाना क्षेत्र में एक ट्रक से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई थी। कार्रवाई के दौरान पंजाब निर्मित शराब के 681 कार्टन जब्त किए गए थे और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली थी कि शराब की खेप की आपूर्ति में एक अन्य व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका थी। मामले के खुलासे के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
तकनीकी सूचना और खुफिया इनपुट के आधार पर डीएसटी और फलोदी पुलिस ने हरियाणा पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की। संयुक्त अभियान के दौरान आरोपी राकेश को हिसार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के फतेहाबाद जिले के अकावाली क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदल रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।















