अपराध
13 Jun, 2026

शहजाद अली हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, सात अभियुक्त पकड़े गए

सीवान के शिवराजपुर में हुए शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस ने एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या सात हो गई है।

सीवान, 13 जून।

बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में हुए शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। मामले में नामजद आरोपी रंजन कुमार उर्फ रंजन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही प्रकरण में अब तक सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार हत्याकांड के बाद से ही आरोपितों की तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही थी। जांच के दौरान प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 30 मई 2026 को शिवराजपुर गांव में शहजाद अली की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए थे। मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी पूर्ण वीडियोग्राफी के साथ कराया गया था।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में बड़हरिया थाना में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई थी। कांड के शीघ्र खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।

एसपी के अनुसार जांच के दौरान पहले ही छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। इसके अलावा दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया और एक अन्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।

अग्रिम जांच के दौरान 12 जून को पुलिस ने शिवराजपुर निवासी रंजन कुमार उर्फ रंजन चौधरी को गिरफ्तार किया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में शामिल सभी आरोपितों को पुलिस रिमांड पर लेकर घटना के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। साथ ही फरार चल रहे अन्य आरोपितों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य संकलन कर आरोपितों के खिलाफ मजबूत अभियोजन तैयार किया जाएगा, ताकि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को कठोर सजा दिलाई जा सके।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़