भोपाल, 13 जून।
क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी से पूछताछ में गांजा आपूर्ति से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम एनडीपीएस प्रकरणों में फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
जांच के दौरान पहले से गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम सीहोर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बांसगेहन पहुंची। यहां से महेश चौहान (46) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने करीब एक माह पहले भोपाल के दो व्यक्तियों को दो किलोग्राम गांजा तस्करी से जुड़े सौदे के तहत गांजा उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत अभिरक्षा में लेकर उसके परिजनों को सूचना दी और आगे की कार्रवाई के लिए भोपाल लाया गया।
पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला की भी जांच कर रही है। मामले में जुड़े अन्य संदिग्धों के संबंध में भी जानकारी एकत्र की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से आबकारी एक्ट सहित विभिन्न मामलों में कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं इस मामले में पूर्व में पकड़े गए अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














