जौनपुर, 13 जून।
जौनपुर पुलिस ने लोगों को लोन, निवेश और अन्य सेवाओं का झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके नेटवर्क ने विभिन्न माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पपरावन निवासी शुभम सिंह के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर एक कंपनी के नाम पर लोन, निवेश, टूर एंड ट्रैवल्स तथा इंश्योरेंस सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा कर लोगों से संपर्क करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों की जानकारी हासिल करता था। इसके बाद फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर उन्हें विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का भरोसा दिलाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लोगों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर लोन या निवेश प्रक्रिया शुरू कराने का दावा करता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, सत्यापन शुल्क, इंश्योरेंस, कैशबैक और लोन स्वीकृति जैसे विभिन्न मदों के नाम पर रकम वसूल की जाती थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल, तीन कीपैड मोबाइल, चार सिम कार्ड, एक फर्जी आधार कार्ड, फर्जी दस्तावेजों की प्रतियां, एक वास्तविक आधार कार्ड, 15 एटीएम कार्ड, नौ बैंक पासबुक, सात चेकबुक और 1.45 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने अपने अलावा परिजनों और परिचितों के नाम पर भी कई बैंक खाते खुलवा रखे थे। ठगी से प्राप्त धनराशि इन खातों में मंगाई जाती थी और बाद में एटीएम, चेकबुक तथा अन्य माध्यमों से निकाली जाती थी।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान कई फर्जी सिम कार्ड और संदिग्ध बैंकिंग दस्तावेज भी मिले हैं। इनका इस्तेमाल कथित तौर पर लोगों को झांसा देने और वित्तीय लेनदेन को छिपाने के लिए किया जाता था।
मामले में आरोपी के भाई, बहन और बहनोई से जुड़े बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है और इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।















