देहरादून, 15 जून।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को एक चर्चित हत्याकांड में फंसाने की साजिश रचने के आरोप में ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया है।
यह मामला 5 जनवरी को दर्ज कराई गई तहरीर से शुरू हुआ था, जिसमें दुष्यंत कुमार गौतम ने आरोप लगाया था कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ अन्य राजनीतिक दलों के साथ मिलकर उनकी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की छवि खराब करने के लिए फर्जी ऑडियो-वीडियो का प्रसार किया। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक सामग्री फैलाकर उपद्रव भड़काने की कोशिश की गई।
कोतवाली डालनवाला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की धारा 308(6) को भी जोड़ा गया। पुलिस टीम ने 14 जून को मुखबिर की सूचना पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर को बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के निकट से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं पर भी गहनता से काम किया जा रहा है।















