सिलीगुड़ी, 15 जून।
शहर के पास स्थित फूलबाड़ी इलाके में एक बीमार महिला के छोटे से खाने के स्टॉल को निशाना बनाया गया है। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर वहां रखे दो गैस सिलेंडर चुरा लिए, जिससे महिला की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
कृष्णा कर्मकार नाम की यह महिला पिछले दस वर्षों से स्टॉल चलाकर अपना जीवन यापन कर रही है। वह खराब स्वास्थ्य के बावजूद चाय और नाश्ता बेचकर अपना गुजर-बसर करती है। रविवार की छुट्टी के बाद जब वह सोमवार सुबह पहुंची, तो उसे चोरी का पता चला।
पीड़िता के अनुसार, चोरों ने न केवल सिलेंडर पार कर दिए, बल्कि फ्रिज में रखा उनका जरूरी इंसुलिन और अन्य सामान भी चुरा लिया। इस घटना से महिला पूरी तरह टूट गई है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के संबंध में पीड़िता ने एनजेपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों की तलाश कर रही है।















