हरिद्वार, 15 जून।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और राज्य की प्रगति का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है, जहाँ विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है।
मंत्री ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ पक्के घर, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, और आयुष्मान भारत योजना से 60 करोड़ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने डिजिटल इंडिया और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को भारत की वैश्विक उपलब्धि बताया। उत्तराखंड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजनाएं प्रमुख हैं।
सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि हरिद्वार जनपद विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग ने हरिद्वार को आकांक्षी जिला कार्यक्रम में सम्मानित किया है। साथ ही, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए घाटों, पुलों और आधारभूत ढांचे के निर्माण को मंजूरी दी गई है। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।















