पश्चिम बंगाल
15 Jun, 2026

गिरफ्तारी के डर से हाईकोर्ट पहुंचे सुमित राय, अभिषेक बनर्जी के करीबी पर लगे हैं गंभीर आरोप

टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के करीबी सुमित राय ने मेदिनीपुर में दर्ज धोखाधड़ी और वसूली के मामलों में गिरफ्तारी से बचने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है।

कोलकाता, 15 जून।

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले सुमित राय ने अपनी गिरफ्तारी को टालने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय की शरण ली है। सुमित राय के वकीलों ने सोमवार को न्यायमूर्ति जय सेनगुप्ता की अदालत में याचिका दायर कर अग्रिम जमानत की गुहार लगाई और मामले पर जल्द सुनवाई का आग्रह किया है। कोर्ट ने इस याचिका को स्वीकार कर लिया है।

सुमित राय का नाम पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में सामने आया है। उन पर कथित तौर पर वसूली, जमीन की धोखाधड़ी और चुनावी टिकट के बदले पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस इन तमाम आरोपों को लेकर उनसे पूछताछ करना चाहती है।

शनिवार तड़के शालबनी पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया था। पुलिस का दावा था कि सुमित राय के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन वहीं ट्रेस हुई थी। हालांकि, घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहे और सुमित राय नहीं मिल सके।

पुलिस की बढ़ती सख्ती को देखते हुए सुमित राय ने कानूनी दांव चला है। जानकारी के अनुसार, मेदिनीपुर की एक निचली अदालत ने पहले ही सुमित राय के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा है। अब सबकी निगाहें उच्च न्यायालय की सुनवाई पर टिकी हैं कि उन्हें गिरफ्तारी से राहत मिलती है या नहीं।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। यात्रा शुभ रहेगी। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-3-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़