मणिपुर, 18 जून।
मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) के एक सशस्त्र कैडर को मुठभेड़ में मार गिराया गया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा अभियान को बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार भारतीय सेना और असम राइफल्स ने 16 जून को चुराचांदपुर जिले के हेंगलेप उप-मंडल में गुप्त सूचना के आधार पर यह संयुक्त अभियान चलाया था। यह कार्रवाई दुर्गम इलाके और खराब मौसम की परिस्थितियों में की गई।
जैसे ही सुरक्षा बल संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंचे, वहां मौजूद उग्रवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में एक कैडर को ढेर कर दिया गया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए।
इसके बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने इलाके में बने मजबूत बंकरों को ध्वस्त किया और बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद तथा युद्ध संबंधी सामग्री बरामद की।
सुरक्षा बलों ने कहा कि इस कार्रवाई से उग्रवादियों के ढांचे को बड़ा नुकसान पहुंचा है और राज्य में शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयासों को मजबूती मिली है।















