मुंबई, 20 जून।
फिल्ममेकर और मशहूर फैशन स्टाइलिस्ट रिया कपूर की टीम के साथ एक बड़ी वारदात सामने आई है। न्यूयॉर्क में आयोजित एक बड़े फैशन शो में हिस्सा लेने जाते समय टीम के पास रखे 1.35 करोड़ रुपये के कीमती गहने चोरी हो गए हैं।
इस सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही सहार पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रिया कपूर की मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह अपनी टीम के साथ इस इवेंट के लिए रवाना हुई थीं। सफर के दौरान उनके हैंडबैग में दो ज्वेलरी बॉक्स रखे थे। इनमें मुंबई के नामी मेहता ज्वेलर्स और गोयंका ज्वेलर्स से किराए पर लिए गए हीरे के बेहद महंगे इयररिंग्स मौजूद थे।
अमेरिका के न्यूयॉर्क पहुंचने पर जब बैग खोला गया तो दोनों डिब्बे पूरी तरह खाली मिले। गायब हुए आभूषणों में मेहता ज्वेलर्स के 66 लाख रुपये और गोयंका ज्वेलर्स के 69 लाख रुपये के डायमंड इयररिंग्स शामिल हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह वारदात मुंबई एयरपोर्ट पर हुई, फ्लाइट के अंदर हुई या फिर न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद।















