बलरामपुर, 18 जून।
बलरामपुर जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र में अवैध खैर कटान के खिलाफ वन विभाग और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान टीम ने खैर की 33 बोटा लकड़ी, करीब दो क्विंटल जलौनी लकड़ी और एक ट्रैक्टर जब्त किया है।
वन विभाग के अनुसार महादेव बंकी गांव में बिना अनुमति खैर के पेड़ों की कटाई और लकड़ी की ढुलाई किए जाने की सूचना एसएसबी को मिली थी। सूचना के आधार पर एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान एक लाल रंग के ट्रैक्टर पर खैर की लकड़ी लदी हुई मिली। मौके पर मौजूद चालक से लकड़ी के कटान और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र या परमिट नहीं दिखा सका।
इसके बाद टीम ने ट्रैक्टर और लकड़ी को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। जब्त सामग्री को बनकटवा रेंज कार्यालय लाया गया, जहां माप-तौल और जांच के दौरान खैर की कुल 33 बोटा लकड़ी तथा लगभग दो क्विंटल जलौनी लकड़ी बरामद होना पाया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान अटल बिहारी पुत्र दीप नारायण, निवासी भीतवरिया कला, थाना हर्रैया, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। वन विभाग ने उसके खिलाफ ग्रामीण वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
वन अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी और वन संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
















