अपराध
18 Jun, 2026

रोडवेज बस की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत, घंटों लगा रहा जाम

फतेहपुर में रोडवेज बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार गर्भवती महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बांदा-सागर मार्ग पर कई घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

फतेहपुर, 18 जून।

फतेहपुर जिले में गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार गर्भवती महिला की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र की रहने वाली खुशबू देवी (35) अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल टीकाकरण कराने जा रही थीं। सुबह करीब 10 बजे देवीगंज पुल के पास उनकी बाइक को एक रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद तेज थी। हादसे में खुशबू देवी सड़क पर गिर गईं और बस की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

गर्भवती महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगा दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात दोबारा शुरू हो सका।

थानाध्यक्ष श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हुई है। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस बस और चालक की तलाश में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

27° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़