नई दिल्ली, 18 जून।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बैंक धोखाधड़ी से जुड़े तीन मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता के आठ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से संबंधित मामलों में 17 जून को की गई, जिसमें तीन अलग-अलग कंपनियों के खिलाफ जांच चल रही है।
सीबीआई के अनुसार यह कार्रवाई मैसर्स तांतिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड, मैसर्स ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड और मैसर्स अमृत फीड्स लिमिटेड के मामलों से जुड़ी है। इन मामलों में बैंक को कुल मिलाकर लगभग 191 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
पहले मामले में तांतिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के निदेशकों के आवासीय परिसरों पर तलाशी ली गई। यह मामला बैंक से लिए गए कैश क्रेडिट और टर्म लोन के दुरुपयोग से जुड़ा है, जिसमें करीब 73 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप है। जांच में सामने आया कि बैंक फंड को समूह कंपनियों और अन्य माध्यमों में स्थानांतरित किया गया।
दूसरे मामले में ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड के निदेशकों के परिसरों पर छापेमारी की गई। इस मामले में करीब 58 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप है। जांच एजेंसी का कहना है कि फंड को शेयर निवेश और अन्य खातों के जरिए डायवर्ट किया गया तथा वित्तीय रिकॉर्ड में हेरफेर की गई।
तीसरे मामले में अमृत फीड्स लिमिटेड से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई। इस कंपनी पर बैंक से लिए गए लगभग 60 करोड़ रुपये के कैश क्रेडिट और टर्म लोन के दुरुपयोग का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी ने बैंक की अनुमति के बिना संपत्तियों की बिक्री और धन का निजी उपयोग किया।
छापेमारी के दौरान सीबीआई ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए हैं। एजेंसी का कहना है कि तीनों मामलों की जांच जारी है और आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
















