फिरोजाबाद, 19 जून।
फिरोजाबाद जिले में बैंक ऑफ इंडिया की भरौल शाखा से जुड़े सोना गायब प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
थाना अरांव पुलिस टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि इससे एक दिन पहले बैंक शाखा प्रबंधन से जुड़े तीन लोगों को जेल भेजा जा चुका था। इस तरह मामले में अब तक कुल सात गिरफ्तारी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भारौल स्थित बैंक शाखा से 96 गोल्ड पैकेट संदिग्ध परिस्थितियों में गायब पाए गए थे, जिसके बाद मामला सामने आया।
पुलिस जांच में सामने आया कि बैंक में तिजोरी से संबंधित कार्य लंबे समय से प्रभावित था और मुख्य चाबी धारक के अनुपस्थित रहने के कारण संदेह बढ़ा। बाद में डुप्लीकेट चाबी से तिजोरी खोले जाने पर गोल्ड पैकेट कम पाए गए।
इसके बाद बैंक के आंचलिक कार्यालय की शिकायत पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक और अन्य स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने शुक्रवार को चौहान ढाबा के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

















