फिरोजाबाद, 19 जून।
फिरोजाबाद में थाना शिकोहाबाद पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है, जहां मुठभेड़ के दौरान नोएडा के तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई उस सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि 12 जून को शिकोहाबाद क्षेत्र में हुई लूट की घटना में शामिल आरोपी नहर मार्ग से हाईवे पकड़कर फरार होने की फिराक में हैं।
घेराबंदी के दौरान काली स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में सुमित उर्फ भोला घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी नीरज और कौशेंद्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और काली स्कॉर्पियो बरामद की है। इसके साथ ही लूट की घटना से जुड़े सोना बेचकर प्राप्त लगभग 19 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
बताया गया कि गिरफ्तार बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी की आंखों में मिर्च डालकर आभूषण और नकदी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

















