कानपुर, 19 जून।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज हाईवे के पास मिले युवक के शव की शिनाख्त हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मृतक की पहचान हाथीपुर गांव निवासी गोलू सिंह के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर पर गंभीर चोट और हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था और पहले भी धमकियां दी गई थीं। इसी रंजिश के चलते हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंकने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक डीसीएम चालक था और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

















