सीवान, 19 जून।
सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान गांव निवासी जैनुद्दीन के पुत्र कमरे आलम के रूप में हुई है, जो हाल ही में विदेश से लौटा था। उसका शव घर से कुछ दूरी पर बाइक के साथ पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार गुरुवार रात एक फोन कॉल आने के बाद वह घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। बाद में गांव में ही उसका शव संदिग्ध हालत में मिला।
शव पर कई जगह गहरे चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक एवं आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल मामला रहस्यमय बना हुआ है।

















