नई दिल्ली, 19 जून।
दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर पॉक्सो और दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि आरोपी ने वर्ष 2023 में एक नाबालिग युवती को हथियार दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर उसे धमकी देते हुए लंबे समय तक ब्लैकमेल और यौन शोषण करता रहा।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार आरोपी उसे ट्यूशन जाते समय भी परेशान करता था और उसके साथ-साथ परिवार को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देता था।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। शिकायत के बाद आरोपी फरार हो गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
तकनीकी निगरानी, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी का सुराग लगाया और उत्तराखंड के भगवानपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी थे और उसे पकड़ने के लिए कई स्थानों पर दबिश दी गई थी। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

















