गुवाहाटी, 20 जून।
असम की पावन धरा पर विश्व प्रसिद्ध अंबुबासी मेला के पावन और पावनकारी अवसर पर शनिवार की सुबह एक अद्भुत आध्यात्मिक नजारा देखने को मिला। सुबह करीब 9:30 बजे लगभग 500 दिव्य नागा साधुओं के एक विशाल और भव्य समूह के साथ मध्य गुवाहाटी क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक विजय गुप्ता ने कामाख्या गेट नर्सरी से लेकर जगत जननी मां कामाख्या मंदिर परिसर तक एक ऐतिहासिक धार्मिक पदयात्रा की।
पूर्णतः भक्ति, अगाध श्रद्धा और अटूट आस्था के अलौकिक वातावरण में आयोजित की गई इस पावन पदयात्रा में सुदूर अंचलों से आए भारी संख्या में साधु-संतों और तपस्वियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। जयकारों की गूंज के बीच यह आस्था यात्रा कामाख्या गेट से विधि-विधान पूर्वक प्रारंभ होकर शक्तिपीठ के मुख्य मंदिर परिसर तक सकुशल पहुंची।
इस पावन यात्रा के दौरान विधायक विजय गुप्ता ने न केवल नागा साधुओं की पूरी श्रद्धाभाव से सेवा-सुश्रूषा की, बल्कि स्वयं भी इस आध्यात्मिक पदयात्रा का हिस्सा बनकर संतों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।
















