भोपाल, 22 जून।
राजधानी के गांधीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जनसंवाद के दौरान मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 58.5 लीटर अवैध देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक एक्टिवा वाहन जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई शहर में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एक्टिवा वाहन से एयरोसिटी रोड पर शराब की अवैध खेप लेकर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एयरोसिटी रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान नीले रंग की एक्टिवा पर दो प्लास्टिक थैले लेकर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने एयरोसिटी ब्रिज के पास उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जगदीश कुमार प्रियानी उर्फ जग्गू के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैलों से 325 क्वार्टर देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 58.5 लीटर निकली। आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके से अवैध शराब और एक्टिवा वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट, धमकी और अन्य मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उससे अवैध शराब के नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है।















