भोपाल, 22 जून।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सुविधा और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। अब स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी, बिलिंग और इंस्टॉलेशन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए उपभोक्ता घर बैठे टोल-फ्री हेल्पलाइन 1912 पर संपर्क कर सकेंगे। कंपनी का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना और शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है।
कंपनी द्वारा शुरू की गई इस सुविधा के तहत उपभोक्ता स्मार्ट मीटर के गलत इंस्टॉलेशन, मीटर के जलने, डिस्प्ले बंद होने, मीटर क्षतिग्रस्त होने, मासिक बिल जनरेट न होने तथा गलत बिलिंग जैसी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा मीटर की तेज रिकॉर्डिंग के कारण अधिक बिल आने, एक्सपोर्ट यूनिट्स की त्रुटि और बिल में मीटर नंबर गलत दर्ज होने जैसी शिकायतों का भी समाधान किया जाएगा।
उपभोक्ता उपाय ऐप में स्मार्ट मीटर का डाटा गलत दिखाई देने या डाटा प्रदर्शित न होने, प्रारंभिक रीडिंग में गड़बड़ी, पुराने मीटर की अंतिम रीडिंग गलत दर्ज होने तथा सोलर या नेट मीटर में परिवर्तन नहीं होने जैसी समस्याओं की जानकारी भी हेल्पलाइन के माध्यम से दे सकेंगे।
इसके साथ ही बिल जमा करने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने, चेक मीटर लगाने की मांग या अनुरोध के बावजूद चेक मीटर स्थापित नहीं किए जाने से संबंधित शिकायतें भी दर्ज कराई जा सकेंगी। कंपनी ने इन सभी मामलों के लिए अलग से निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की है।
कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से उपभोक्ताओं को अधिक सटीक बिलिंग और बेहतर सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान लगातार जारी है और यदि किसी उपभोक्ता को मीटर की कार्यप्रणाली या बिलिंग को लेकर कोई शंका है तो वह सीधे 1912 पर संपर्क कर सकता है।
उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होते ही संबंधित तकनीकी टीम को जानकारी भेजी जाएगी और प्राथमिकता के आधार पर समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कंपनी का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी सेवाएं पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध हों।















