नोएडा, 22 जून।
गौतमबुद्ध नगर जिले के दनकौर थाना क्षेत्र स्थित मंडी श्याम नगर में रहने वाले एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद गंग नहर में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद से पुलिस और एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी रही। सोमवार सुबह उसका शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय नीरज का किसी बात को लेकर अपने परिजनों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया। रविवार को उसने गंग नहर में छलांग लगा दी। उसकी मां ने उसे रोकने का प्रयास किया और पीछे-पीछे दौड़ी, लेकिन तब तक युवक नहर के तेज बहाव में समा चुका था।
घटना को देखकर उसकी मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की, साथ ही मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए।
युवक की तलाश के लिए रविवार रात से ही एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीमों ने अभियान शुरू किया। नहर में पानी का बहाव अधिक होने के कारण खोजबीन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगातार चले सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह युवक का शव नहर से निकाल लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















