भोपाल, 22 जून।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जीआरपी द्वारा प्रदेशभर के रेलवे परिसरों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष "योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम के तहत आयोजित कार्यक्रमों में रेलवे से जुड़े विभिन्न वर्गों के 1129 से अधिक लोगों ने भाग लेकर योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
राजधानी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर पहली बार बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल राजाबाबू सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रेलवे परिसर में आयोजित यह आयोजन यात्रियों, कर्मचारियों और आमजन के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रेल अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू सिंह डावर तथा उप पुलिस अधीक्षक रामस्नेही चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
जीआरपी भोपाल के थाना और चौकी क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में शासकीय रेलवे पुलिस के 402 अधिकारी-कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल के 150 जवान, 98 वेंडर, 85 कुली, 10 पॉइंट्समैन, 162 ऑटो चालक, 50 रिक्शा चालक, 50 रेलवे कर्मचारी और 122 अन्य रेल सेवा से जुड़े लोगों ने सहभागिता की।
आयोजन का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दैनिक जीवन में इसके महत्व को रेखांकित करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई।















