अपराध
22 Jun, 2026

ट्यूबवेल पर सो रहे वृद्ध किसान की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

जालौन के पृथ्वीपुरा गांव में ट्यूबवेल पर सो रहे 75 वर्षीय किसान की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उरई, 22 जून।

जालौन जिले के गोहन थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पृथ्वीपुरा में खेत पर बने ट्यूबवेल पर सो रहे एक वृद्ध किसान की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। घटना का पता सोमवार सुबह चलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्राम पृथ्वीपुरा निवासी गिरिजाशंकर तिवारी (75) लंबे समय से अपने खेत पर बने ट्यूबवेल पर ही रात बिताते थे। रविवार रात भी वह रोज की तरह वहीं सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है। मृतक अपने पीछे पुत्र राकेश तिवारी और एक विवाहित पुत्री को छोड़ गए हैं। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि ट्यूबवेल पर शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़