नई दिल्ली, 22 जून।
राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सोमवार को अचानक गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार शाम 4 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 228 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह स्तर 127 था, जिससे हवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई।
वायु गुणवत्ता में आई इस गिरावट के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की जीआरएपी उप-समिति ने स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की। बैठक में दिल्ली-एनसीआर की मौजूदा परिस्थितियों के साथ आगामी दिनों के मौसम और वायु गुणवत्ता के पूर्वानुमानों पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि राजधानी की हवा में अचानक बढ़े प्रदूषण का प्रमुख कारण क्षेत्र में चली धूल भरी आंधी रही। मौसम संबंधी परिस्थितियों के चलते वातावरण में धूल कणों की मात्रा बढ़ने से एक्यूआई प्रभावित हुआ और वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई।
हालांकि मौसम विभाग और संबंधित संस्थानों के पूर्वानुमानों के अनुसार आने वाले दिनों में स्थिति में सुधार की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि मौसम में बदलाव और अनुकूल परिस्थितियों के कारण प्रदूषण स्तर में कमी आएगी तथा हवा की गुणवत्ता बेहतर हो सकेगी।
पूर्वानुमानों के आधार पर जीआरएपी उप-समिति ने फिलहाल ग्रैप स्टेज-1 लागू नहीं करने का निर्णय लिया है। समिति का मानना है कि निकट भविष्य में एक्यूआई के मध्यम श्रेणी में बने रहने की संभावना है, इसलिए अतिरिक्त प्रतिबंधों की तत्काल आवश्यकता नहीं है।
अधिकारियों ने कहा कि वायु गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और यदि परिस्थितियों में कोई बड़ा बदलाव होता है तो आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।















