भोपाल, 22 जून।
राजधानी भोपाल के अयोध्यानगर थाना पुलिस ने मोबाइल लूट और झपटमारी की घटनाओं में शामिल एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को निशाना बनाते थे। खासतौर पर हाथ में मोबाइल लेकर चल रहे लोगों पर नजर रखकर वे झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पहचान छिपाने के लिए आरोपी बाइक की नंबर प्लेट भी बदल देते थे।
पुलिस ने आरोपियों से अयोध्यानगर, पिपलानी और अन्य क्षेत्रों से लूटे गए कुल 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही केटीएम, पल्सर 200 एनएस, चोरी की होंडा शाइन और आर15 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त विकास सहवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंच बनाई। कार्रवाई में थाना टीला और अयोध्यानगर क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अधिक धन कमाने और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
जांच के दौरान अब तक अयोध्यानगर, पिपलानी, गोविंदपुरा, हबीबगंज, बागसेवनिया और टीला थाना क्षेत्रों की 12 वारदातों का खुलासा हो चुका है। पुलिस आरोपियों से अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।















