लखनऊ, 22 जून।
राजधानी लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड पर देश के शीर्ष नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि लखनऊ में हुई भीषण आग दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि आग लगने से हुई जनहानि बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लखनऊ में हुई यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। शाह ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस हादसे पर शोक जता चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के निकट परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।














