नई दिल्ली, 22 जून।
भारतीय मुक्केबाज़ी को नया आयाम देने के उद्देश्य से पहली बार प्रो बॉक्सिंग लीग का आयोजन 6 से 10 जुलाई तक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और चार फ्रेंचाइज़ी टीमों ने कुल 32 मुक्केबाज़ों को अपने साथ जोड़ा है।
खिलाड़ियों के चयन में कोमलप्रीत कौर सबसे अधिक अंक हासिल करने वाली मुक्केबाज़ रहीं। उन्हें मध्य महायोद्धा टीम ने 28 लाख प्वाइंट्स के साथ अपने दल में शामिल किया। इस लीग में पारंपरिक नीलामी प्रणाली की जगह खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर प्वाइंट सिस्टम अपनाया गया है।
सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान आयोजित राष्ट्रीय और क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। इसी आधार पर मुक्केबाज़ों का चयन कर उन्हें लीग का हिस्सा बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में मुंबई मुक्केबाज़, ईस्टर्न योद्धा, मध्य महायोद्धा और पंजाब पिंड पहलवान टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में आठ खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिससे कुल 32 मुक्केबाज़ इस ऐतिहासिक आयोजन में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि यह देश की पहली फ्रेंचाइज़ी आधारित प्रो बॉक्सिंग लीग है, जो खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा के साथ व्यापक पहचान दिलाने का मंच प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि लीग के संचालन की जिम्मेदारी शाश्वत भारत इन्फो सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के पास है। इसके लिए देशभर में तीन चयन ट्रायल और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए, जिनसे पुरुष और महिला वर्ग के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन हुआ।
आयोजन से जुड़े शशिकांत मिश्र ने बताया कि लीग का उद्देश्य केवल मुकाबलों तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की पेशेवर पहचान और ब्रांड निर्माण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत खिलाड़ियों के प्रोफाइल शूट, उनकी उपलब्धियों की कहानियां और पेशेवर प्रस्तुति को प्रमुखता दी जाएगी। इस कार्य में बुक माई शो की विशेषज्ञ टीम सहयोग करेगी।
लीग का उद्घाटन छह जुलाई को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा। प्रतियोगिता के मुकाबलों का प्रतिदिन शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक जियो हॉटस्टार पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे देशभर के खेल प्रेमी इसे देख सकेंगे।
आईएबीएफ के महासचिव राकेश ठाकरान ने कहा कि यह लीग भारतीय मुक्केबाज़ी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता देश की प्रमुख खेल लीगों में अपनी जगह बनाएगी और भविष्य के कई बड़े मुक्केबाज़ इसी मंच से उभरेंगे।
इस बीच डॉ. राकेश मिश्र ने आयोजन स्थल की तैयारियों का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, प्रशिक्षण, सुरक्षा, आवास तथा प्रसारण व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह लीग प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।















