मध्य प्रदेश
22 Jun, 2026

आदिरंग महोत्सव के समापन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को भोपाल में आयोजित आदिरंग शिल्पकार महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होकर जनजातीय शिल्पकारों की प्रदर्शनी और नवाचार आधारित उत्पादों का अवलोकन करेंगे।

भोपाल, 22 जून।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान मध्यप्रदेश (एनआईडी एमपी) और वन्या के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आदिरंग शिल्पकार महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम एनआईडी मध्यप्रदेश परिसर, अचारपुरा में आयोजित किया जाएगा, जहां जनजातीय कला, शिल्प और नवाचार से जुड़े विभिन्न प्रदर्शनों का आयोजन होगा।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री जनजातीय शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए नवाचार आधारित उत्पादों और डिजाइन हस्तक्षेप से विकसित कलाकृतियों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके अलावा वे शिल्पकारों, डिजाइन विशेषज्ञों और प्रतिभागियों से संवाद कर उनके अनुभवों और सुझावों को भी जानेंगे। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

पांच दिवसीय महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 140 से अधिक जनजातीय शिल्पकार हिस्सा ले रहे हैं। भील, गोंड, बैगा सहित कई जनजातीय समुदायों के कलाकार अपनी पारंपरिक कला, शिल्पकला और हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यशालाओं में शिल्पकारों ने एनआईडी मध्यप्रदेश के संकाय सदस्यों और छात्र स्वयंसेवकों के सहयोग से बाजार की मांग के अनुरूप नए उत्पाद विकसित किए हैं। इन उत्पादों और नई डिजाइन अवधारणाओं को समापन समारोह के अवसर पर विशेष प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी शाम 5:30 बजे से आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। आगंतुक यहां जनजातीय समुदायों की मूल कलाकृतियों और हस्तशिल्प उत्पादों को देख सकेंगे तथा उनकी खरीद भी कर सकेंगे।

आदिरंग शिल्पकार महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय कला, संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को व्यापक पहचान दिलाना है। साथ ही शिल्पकारों के लिए नए बाजार और आजीविका अवसर उपलब्ध कराना भी इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है। एनआईडी मध्यप्रदेश और वन्या के सहयोग से आयोजित यह आयोजन परंपरा और आधुनिक डिजाइन के समन्वय का महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़