लखनऊ, 22 जून।
राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में स्थित एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने निर्धारित सभी आगामी कार्यक्रम निरस्त कर दिए और अलीगढ़ से तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वह दिनभर अलीगढ़ में ही रहें, लेकिन लखनऊ में हुई इस दुखद अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद उन्हें तत्काल वापस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे की चपेट में कुछ बच्चे भी आए हैं और उनकी मृत्यु होने की खबर बेहद पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह सहित संबंधित अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी स्थिति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह स्वयं भी लखनऊ पहुंच रहे हैं ताकि घटना की गहराई से जांच कराई जा सके, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित हो और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी जा सके।















