खड़गपुर, 22 जून।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर शहर में हुए लूटकांड के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। भवानीपुर इलाके में एक मछली कारोबारी से हथियार के दम पर लूट की कोशिश करने वाले तीन आरोपितों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई खड़गपुर टाउन थाना पुलिस ने की।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर मछली व्यवसायी राजकुमार सिंह बाइक से अपने घर पहुंचे थे। घर के नजदीक पहुंचते ही एक अन्य बाइक पर सवार तीन युवक वहां आ धमके। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर उनके कंधे पर टंगे बैग को छीनने का प्रयास किया।
व्यवसायी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपितों ने इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना के दौरान तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भी भय का माहौल देखा गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया। त्वरित प्रयासों के चलते तीनों आरोपितों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है। घटना में प्रयुक्त हथियार और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।















