छिंदवाड़ा, 22 जून।
छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह मजदूरों की जान चली गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। सावरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम टेमनी खुर्द के पास मजदूरों से भरे एक पिकअप वाहन को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम मछेरा के करीब 25 मजदूर पिकअप वाहन से सब्जी तोड़ने के लिए कन्हरगांव जा रहे थे। रास्ते में टेमनी खुर्द के पास कुछ मजदूरों को उतारा जा रहा था। इसी दौरान यूरिया से लदे एक ट्रक का टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पिकअप से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार मजदूर दूर तक जा गिरे। हादसे के दौरान एक बाइक भी ट्रक की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार आईसीयू में किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की पहचान बब्बू राजबेटे, सावित्री बनके, शिवकली, लीलावती, सुकरवती और संतोष सबनेरे के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मामले की जांच जारी है और प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
हादसे की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे तथा घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि मृतकों के निकट परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाए। साथ ही सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की है।















