मुंबई, 22 जून।
महाराष्ट्र की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब शिवसेना यूबीटी के छह सांसद मुंबई के यशवंतराव सभागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आधिकारिक रूप से एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी सांसदों का स्वागत करते हुए उनके सम्मान और क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया।
शिंदे गुट में शामिल होने वाले सांसदों में धाराशिव से ओमराजे निंबालकर, परभणी से संजय जाधव, मुंबई उत्तर-पूर्व से संजय दीना पाटिल, हिंगोली से नागेश पाटिल अष्टिकर, शिरडी से भाऊसाहेब वाकचौरे और यवतमाल-वाशिम से संजय देशमुख शामिल हैं। सभी नेताओं ने कार्यक्रम के दौरान औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनका चर्चित ऑपरेशन टाइगर सफल रहा है और पूरी प्रक्रिया कानूनी दायरे में पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को संरक्षित रखने के उद्देश्य से शुरू हुआ आंदोलन लगातार मजबूत हुआ है और पार्टी का जनाधार भी बढ़ा है।
शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी लोगों के विकास और जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शामिल हुए सभी सांसद भविष्य में भी जनता का समर्थन प्राप्त करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में विकास परियोजनाएं लंबित हैं, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर भी प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में गजानन कीर्तिक, रामदास कदम, पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और नव शामिल हुए सांसद मौजूद रहे।















