नई दिल्ली, 22 जून।
सीबीआई ने रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामलों की जांच के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवांग मोदी और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र सुधालकर को गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी दोनों मामलों में कथित वित्तीय अनियमितताओं और बैंकों को हुए भारी नुकसान की जांच कर रही है।
जांच एजेंसी के अनुसार आरसीएफएल से जुड़े मामले में 13 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को 4097 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि आरएचएफएल प्रकरण में 10 सरकारी बैंकों को 3526 करोड़ रुपये की क्षति पहुंची। दोनों मामलों में ऋण स्वीकृति और धन के उपयोग को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।
सीबीआई की जांच में पाया गया कि देवांग मोदी ने आरसीएफएल में अपने कार्यकाल के दौरान ऐसे मध्यस्थ और कंडुइट संस्थानों को ऋण मंजूर किए, जो नियामकीय दिशानिर्देशों और ऋण शर्तों के अनुरूप नहीं थे। इसी प्रकार रविंद्र सुधालकर पर भी आरोप है कि उनके कार्यकाल में ऐसी कंपनियों को ऋण स्वीकृत किए गए, जो कंपनी की ऋण नीति तथा संबंधित नियामक संस्थाओं के नियमों के विपरीत थे।
एजेंसी के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरसीएफएल और आरएचएफएल से प्राप्त धनराशि को रिलायंस एडीए ग्रुप की अन्य कंपनियों में स्थानांतरित किया गया। इनमें रिलायंस कैपिटल, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर जैसी कंपनियां शामिल हैं। इस कथित प्रक्रिया से बैंकों को कुल 7623 करोड़ रुपये का नुकसान होने की बात कही गई है।
सीबीआई ने बताया कि अब तक रिलायंस समूह से जुड़े विभिन्न मामलों में सात प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस टेलीकॉम से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। ये मामले सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और भारतीय जीवन बीमा निगम की शिकायतों के आधार पर दर्ज किए गए थे।
एजेंसी के अनुसार इन मामलों की सुनवाई और जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में चल रही है। अब तक इस पूरे प्रकरण में पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीबीआई ने हाल ही में एक मामले में आरोपपत्र भी दाखिल किया था, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारियों और बैंक अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है।
सीबीआई का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।















