अनूपपुर, 22 जून।
जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक जीप और एक मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। कोतवाली अनूपपुर और जैतहरी थाना क्षेत्र की वेंकटनगर चौकी पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त की गई शराब की कुल कीमत करीब 23 हजार रुपये आंकी गई है।
कोतवाली क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि एक चार पहिया वाहन में अवैध रूप से शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन की जांच की। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को पकड़ा गया। वाहन से विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर की कुल 30.3 लीटर मात्रा बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 9,771 रुपये बताई गई है। साथ ही उपयोग में लिया जा रहा वाहन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है। मामले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई जारी है तथा वाहन स्वामी और अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इधर वेंकटनगर चौकी पुलिस ने भी मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा। पुलिस को जानकारी मिली थी कि मोटरसाइकिल से बोरी में भरकर अंग्रेजी शराब छत्तीसगढ़ की ओर ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने ग्राम सिंहपुर के पास निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान बोरी से 180 मिलीलीटर की 98 सीलबंद शराब की बोतलें बरामद हुईं। कुल 17.64 लीटर अंग्रेजी शराब की कीमत 13,230 रुपये आंकी गई है। शराब के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। पूछताछ में दोनों आरोपितों के पास शराब रखने, बेचने अथवा परिवहन करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ शराब तस्करी और अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।















