नई दिल्ली, 22 जून।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को आने वाले दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तेज धूप का असर कम रहेगा। 23 और 24 जून को आसमान में बादलों की मौजूदगी अधिक रहने का अनुमान है तथा तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। सुबह और दोपहर के समय पश्चिमी दिशा से 22 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण लोगों को तपिश से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इस सप्ताह भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बिहार, ओडिशा और झारखंड में अगले चार से पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ वर्षा और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में भी आगामी दिनों में वर्षा के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 27 और 28 जून को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों के कई हिस्सों में अगले छह दिनों तक भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। कोंकण और गोवा में 28 जून तक लगातार तेज बारिश का अनुमान है। तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और तेलंगाना के विभिन्न क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
दूसरी ओर कुछ राज्यों में लू का असर बरकरार रहने की चेतावनी जारी की गई है। विदर्भ क्षेत्र में 22 से 26 जून तक भीषण गर्म हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू जैसी परिस्थितियां बनी रहने का अनुमान है।















