जयपुर, 24 जून।
सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में दुकान के बाहर शराब पीने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विवाद के बाद कुछ युवकों ने कथित तौर पर पत्थर और डंडों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के चार अन्य सदस्य भी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शिक्षा सागर कॉलोनी, गोविंदपुरा निवासी संजू शर्मा (28) के रूप में हुई है। वह पानी के टैंकर सप्लाई का काम करता था। उसके भाई की किराना दुकान घर के बाहर स्थित है, जहां से विवाद की शुरुआत हुई।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात पास के एक खेत में शादी समारोह आयोजित था। इसी दौरान कुछ युवक दुकान के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। परिवार के लोगों ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कुछ समय बाद युवक अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटे और घर पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को शांत कराने के लिए संजू शर्मा बाहर निकला, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पहले उसके सिर पर पत्थर से हमला किया और फिर डंडों से मारपीट की।
शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल संजू को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार मृतक अपने पीछे पत्नी, एक छह वर्षीय बेटी और तीन वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
















