भोपाल, 24 जून।
राजधानी भोपाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक निजी कंपनी के शैक्षणिक संस्थानों और उससे संबंधित ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी पर 200 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय गड़बड़ी का आरोप है। ईडी की टीम भोपाल सहित कई अन्य स्थानों पर दस्तावेजों की गहन जांच-पड़ताल कर रही है।
जांच के दायरे में यह शामिल है कि विभिन्न खातों और कंपनियों के बीच पैसों का हेरफेर कैसे किया गया। टीम वहां के बैंकिंग रिकॉर्ड, अकाउंट स्टेटमेंट और संपत्ति से जुड़े कागजातों को खंगाल रही है। इससे पहले मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने इस संबंध में मामला दर्ज किया था, जिसके बाद ईडी ने जांच अपने हाथ में ली।
ईओडब्ल्यू की शुरुआती जांच में छात्रों की स्कॉलरशिप राशि, हॉस्टल फीस और शिक्षा ऋण के लेनदेन में गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। आरोप है कि छात्रों से वसूली गई रकम को निजी खातों में ट्रांसफर किया गया। स्कॉलरशिप का पैसा निर्धारित खातों में जमा करने के बजाय दूसरी कंपनियों के खातों में भेजा गया।
इसके अलावा, शिक्षा के नाम पर लिए गए बैंक लोन का दुरुपयोग करने का भी आरोप है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि लोन की राशि का उपयोग शैक्षणिक गतिविधियों के बजाय निजी संपत्ति बनाने और पारिवारिक हितों के लिए किया गया। फिलहाल ईडी का सर्च ऑपरेशन जारी है और जल्द ही विस्तृत ब्योरा सामने आ सकता है।









