उज्जैन, 30 जून।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर तीन सियारों की हत्या का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जीवाजीगंज थाना पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से शिकार और हत्या से जुड़े वीडियो भी मिले, जिनके आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
वन मंडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने बताया कि आरोपी मिथुन निवासी जीवाजीगंज के पास वीडियो मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर यह सामने आया कि आरोपी ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जुड़ी मान्यताओं के चलते तीन सियारों का शिकार कर उनकी हत्या की।
अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अंधविश्वास के प्रभाव में यह कृत्य किया। इसके बाद वन विभाग ने उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपी पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की गैर-जमानती धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। उनका कहना है कि संरक्षित वन्यजीवों के शिकार और हत्या से जुड़े मामलों में कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाती है।
















