मध्य प्रदेश
30 Jun, 2026

मानसून का कहर, वज्रपात से तीन की मौत, बैतूल में एक परिवार के चार लोग झुलसे

मध्य प्रदेश में मानसून की तेज गतिविधियों के बीच आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, बैतूल में एक परिवार के चार सदस्य झुलस गए और कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा।

भोपाल, 30 जून।

मध्य प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली की घटनाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में वज्रपात की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बैतूल जिले में एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, चिचोली क्षेत्र में उफनती नदी में बह गए दो ग्रामीणों के शव भी बरामद किए गए।

मंगलवार को हरदा जिले में खेत पर काम कर रहे 32 वर्षीय प्रदीप राठौर की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह खरगोन जिले में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में 30 वर्षीय राधेश्याम और 30 वर्षीय केनू की जान चली गई। बैतूल के चुना गोसाई गांव में बिजली गिरने से सुखदेव यादव, उनकी पत्नी गीताबाई, बेटी संध्या और बेटा नैतिक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लगातार बारिश के कारण बैतूल जिले के चिचोली क्षेत्र में चंपा नदी उफान पर है। सोमवार रात सिप्लाई निवासी राजेश बिहारे और दद्दू धुर्वे बाइक सहित रपटे को पार करने का प्रयास करते समय तेज बहाव में बह गए थे। उनके शव मंगलवार सुबह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिले। उधर, देवास जिले में तेज बारिश के दौरान दो युवतियां स्कूटी समेत नाले में गिर गईं, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

तेज बारिश के चलते कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई। सीहोर के इछावर, डिंडोरी नगर पालिका के वार्ड-8 और मैहर जिले के अमरपाटन में कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुसने की स्थिति बनी। सतना और मैहर की मुख्य सड़कों पर भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। सीहोर के इछावर में जलनिकासी की समस्या को लेकर कांग्रेस पार्षद जुनेद खान ने पानी के बीच ट्यूब पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार बुधवार को प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग ने बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर और रीवा संभाग सहित प्रदेश के 50 जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश और लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। ग्वालियर-चंबल संभाग और मालवा के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़