नई दिल्ली, 30 जून।
राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी है। मध्य जिला पुलिस की पटेल नगर थाना टीम ने एम्फेटामाइन तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे 71 ग्राम मादक पदार्थ जब्त हुआ है।
पकड़े गए आरोपियों में दो विदेशी नागरिक शामिल हैं, जो अपने वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। इनमें दक्षिण अफ्रीका का प्रिंस और नाइजीरिया का एफोसा मिकेल अटोहान उर्फ लियोन शामिल हैं। वहीं तीसरा आरोपी जस्टिन चुकुवा दिल्ली का निवासी है।
पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपित कपड़ों के आयात-निर्यात के कारोबार की आड़ में ड्रग्स की तस्करी कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने शादीपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को 54 ग्राम ड्रग्स के साथ दबोचा। बाद में निहाल विहार और निलोठी में छापेमारी कर उसके दो साथियों को पकड़ा गया।
आरोपियों के पास से कुल 71 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद की गई है। पुलिस अब इन तस्करों के पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और ड्रग्स के मुख्य स्रोत की जांच में जुटी है। विदेश मंत्रालय को भी इस मामले से अवगत करा दिया गया है और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।












.jpg)


