नई दिल्ली, 30 जून।
निवर्तमान थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आज नई दिल्ली में अपना पदभार सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की असल ताकत किसी एक व्यक्ति में नहीं, बल्कि सैनिकों, कमांडरों, पूर्व सैनिकों और देश के नागरिकों के अटूट भरोसे में निहित है। उन्होंने चार दशकों से अधिक समय तक सेना की सेवा करने को अपने जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य बताया।
जनरल द्विवेदी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में सेना ने हर मोर्चे पर अपनी तैयारी, संतुलन और सतर्कता को निरंतर बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के सभी मुद्दों पर सेना ने स्पष्ट उद्देश्य, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ काम किया है। उन्होंने सेना, नौसेना और वायु सेना के बीच बढ़े तालमेल और आपसी विश्वास की भी सराहना की।
नए सेना प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे जनरल धीरज सेठ को उन्होंने एक अनुभवी सैनिक और सक्षम नेतृत्वकर्ता बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनरल सेठ के कुशल मार्गदर्शन में भारतीय सेना अपनी गौरवशाली परंपराओं और व्यावसायिकता को आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयों को छुएगी।
अपनी विदाई के दौरान जनरल द्विवेदी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया।












.jpg)
