नई दिल्ली, 30 जून।
भारतीय घरेलू शेयर बाजार में आज के शुरुआती कारोबार में भारी उतार-चढ़ाव का दौर देखा गया। दिन की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई थी, लेकिन बाजार खुलते ही निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी अपनी बढ़त खोकर लाल निशान में फिसल गए। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.22 प्रतिशत और निफ्टी 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ ट्रेड करते हुए देखे गए।
बाजार के प्रमुख शेयरों में मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, टाइटन और नेस्ले के शेयरों में 1.63 प्रतिशत से 0.80 प्रतिशत की बढ़त बनी रही। इसके विपरीत, आयशर मोटर्स, टाटा कंज्यूमर, इंफोसिस, टीसीएस और डॉ रेड्डीज के शेयरों में 5.35 प्रतिशत से लेकर 1.80 प्रतिशत तक का भारी दबाव दर्ज किया गया।
मौजूदा कारोबारी सत्र में कुल 2,668 शेयरों में सक्रिय गतिविधियां देखी गईं, जिनमें से 1,352 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में और 1,316 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते दिखे। सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर बढ़त बनाने में सफल रहे, जबकि 17 शेयर बिकवाली की चपेट में रहे। निफ्टी के 50 में से 21 शेयरों में लिवाली और 29 शेयरों में बिकवाली का माहौल रहा।
सेंसेक्स आज 277.14 अंक की बढ़त के साथ 77,005.51 के स्तर पर खुला, लेकिन चौतरफा बिकवाली के कारण यह 171.86 अंक गिरकर 76,556.51 के स्तर पर आ गया। इसी तरह, निफ्टी ने 85.80 अंक की तेजी के साथ 24,032.05 पर शुरुआत की थी, लेकिन बाजार के दबाव में यह 62.10 अंक टूटकर 23,884.15 के स्तर पर कारोबार करता रहा।
उल्लेखनीय है कि पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 372.10 अंक (0.48 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 76,728.37 के स्तर पर और निफ्टी 109.75 अंक (0.46 प्रतिशत) फिसलकर 23,946.25 के स्तर पर बंद हुआ था।









.jpg)






