नई दिल्ली, 30 जून।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की महिला चयन समिति ने आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। सितंबर 2026 में जापान के ऐची-नागोया में होने वाले इन खेलों के लिए एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर को टीम का नेतृत्व सौंपा गया है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी।
एशियाई खेलों में भारतीय टीम गत विजेता के रूप में मैदान पर उतरेगी। पिछले संस्करण यानी 2023 के हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारत ने स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम इतिहास रचा था। टीम इंडिया अब जापान में अपनी उस ऐतिहासिक सफलता को दोहराने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
चयन समिति ने टीम में अनुभवी सितारों और युवा ऊर्जा का बेहतरीन संतुलन बनाया है। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और विकेटकीपर ऋचा घोष टीम की मजबूती हैं। गेंदबाजी विभाग में रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को टीम में जगह दी गई है, लेकिन उनका खेलना उनकी फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगा।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल* (फिटनेस के अधीन), राधा यादव और नंदिनी शर्मा।









.jpg)






