नई दिल्ली, 30 जून।
भारतीय सेना को आज अपना नया मुखिया मिल गया है। जनरल उपेंद्र द्विवेदी के सेवानिवृत्त होने के बाद लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने नए सेना प्रमुख का कार्यभार औपचारिक रूप से संभाल लिया है।
विदाई के मौके पर भावुक नजर आए जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अपने चार दशक के करियर को 'जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य' बताया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
जनरल द्विवेदी ने अपने उत्तराधिकारी पर पूर्ण भरोसा जताते हुए कहा कि धीरज सेठ एक अनुभवी और समर्थ नेतृत्वकर्ता हैं, जिनके मार्गदर्शन में सेना और नई ऊंचाइयों को छुएगी। उन्होंने सेना की परंपराओं और भविष्य की चुनौतियों के प्रति सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।
अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए उन्होंने ऑपरेशन स्नो लेपर्ड और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल ने राष्ट्रीय सुरक्षा के 'न्यू नॉर्मल' को परिभाषित करने में बड़ी भूमिका निभाई है।
अंत में, उन्होंने सेना की ताकत का श्रेय सैनिकों, पूर्व सैनिकों और देशवासियों के अटूट विश्वास को दिया। उन्होंने कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले बहादुर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भविष्य की लड़ाइयां एकीकृत होकर ही जीती जा सकती हैं।












.jpg)


